मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) तथा महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ 16.82 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शनवारा-सिंधीबस्ती से लालबाग रेलवे स्टेशन तक व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था, वर्षा जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने कहा कि यह मार्ग बुरहानपुर शहर के सबसे प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां से प्रतिदिन हजारों नागरिक, व्यापारी, विद्यार्थी और यात्री आवागमन करते हैं। इसलिए निर्माण कार्य केवल तकनीकी मानकों तक सीमित न रहकर आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लालबाग मार्ग से जुड़ी कॉलोनियों, बस्तियों एवं अन्य संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार व्यवस्थित रैम्प बनाए जाएं, ताकि नागरिकों को सड़क पर चढ़ने-उतरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा दोपहिया वाहन चालकों की सुविधा का ध्यान रखा जाए।
श्रीमती चिटनिस ने सड़क के दोनों ओर फुटपाथों को सुव्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा फुटपाथों पर अतिक्रमण न होने दिया जाए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर कहीं भी जलभराव की स्थिति न बने। इसके लिए वर्षा जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित कर पानी की सुचारु निकासी की व्यवस्था की जाए।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे पड़े निर्माण मलबे, कीचड़ एवं अन्य अव्यवस्थित सामग्री को देखकर श्रीमती चिटनिस ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त मलबा तत्काल हटाकर निर्माण स्थल को व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री, कीचड़ अथवा अन्य अवरोध दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग तथा रात्रिकालीन चेतावनी व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही मार्ग की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि आवश्यकता अनुसार अधिक क्षमता वाली आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं, ताकि पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध हो सके और रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित रहे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत हुई है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने भी निरीक्षण के दौरान नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि शनवारा-लालबाग मार्ग का निर्माण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के सतत प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली है। मार्ग के पूर्ण होने पर शनवारा, सिंधीबस्ती, इंदिरा कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, लालबाग एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शहर के विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री रेखा श्रीवास्तव, संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, धनराज महाजन, मनोज फुलवाणी, विजय शेवाड़े, रवि काकड़े, रूद्रेश्वर एंडोले, गौरव शिवहरे, अजहर उल हक, राकेश चौकसे, जगदीश सोनवणे, प्रसाद उमोल, निलेश चौकसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, निर्माण एजेंसी के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
