गौकशी की साजिश नाकाम: 10-10 हजार के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, शाकिर के दोनों पैरों में लगी गोली | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना कांट पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी शाकिर के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मंगलवार देर रात थाना कांट पुलिस को सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी कांट-मदनापुर मार्ग स्थित जिंदों वाली पुलिया के पास गौकशी की नीयत से मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी फरार हो गए, जबकि अन्य ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहम्मद शाकिर पुत्र जाबिर निवासी बरेली घायल हो गया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, मौके से गिरफ्तार दूसरे आरोपी धर्मवीर पुत्र बाबूराम निवासी बरेली के पास से भी एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और रेडमी कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने दो फरार साथियों मोहम्मद सानू और अनीस उर्फ हिरना के नाम बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

दोनों आरोपी थाना निगोही में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित थे और उन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपियों के विरुद्ध गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में थाना कांट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी मनोज कुमार, सर्विलांस सेल, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, उपनिरीक्षक गितमेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version