विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
जनपद बागपत के सरूरपुर कलां गांव में 21 जून से आयोजित श्रीमज्जिनेन्द्र आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्वशांति महायज्ञ के अंतर्गत बुधवार को तप दीक्षा कल्याणक का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम आचार्य श्री विनिश्चयसागर जी मुनिराज के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
महोत्सव के अंतर्गत प्रातःकाल से सायंकाल तक अभिषेक, शांतिधारा, नित्य पूजन, जन्म कल्याणक पूजन, हवन, मंगल प्रवचन, विनायक यंत्र पूजन, महाराज नाभिराय दरबार, आदिकुमार पाणिग्रहण, संस्कार राज्य संचालन, षट्कर्म उपदेश, ब्राह्मी-सुंदरी शिक्षा, नीलांजना नृत्य तथा लौकांतिक देवों द्वारा वैराग्य की अनुमोदना सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अलावा भरत-बाहुबली को राज्य सौंपने की प्रस्तुति, धिक-दंड व्यवस्था, दीक्षावन की ओर पालकी प्रस्थान, दिगम्बर जैनेश्वरी दीक्षा, महाआरती, शास्त्रसभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मुख्य प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी नमन भैया ने बताया कि प्रतिष्ठित होने वाली प्रतिमाएं देश के विभिन्न राज्यों एवं तीर्थ क्षेत्रों, जिनमें सम्मेद शिखर, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश शामिल हैं, में स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव जैन धर्म की संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
विधिनायक मूर्ति प्रदाता के रूप में असम के दिनहाटा एवं जागी रोड से पहुंचे सूरज देवी जैन, सुनील जैन, रीना देवी जैन, रितेश जैन, कोमल जैन, अभय जैन एवं प्राची जैन ने विशेष योगदान दिया। वहीं राजा सोम एवं राजा श्रेयांश बनने का सौभाग्य रघुवीर सिंह प्रेमचंद जैन परिवार को प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर सह प्रतिष्ठाचार्य पंडित पवन दीवान, पंडित सुलभ, पंडित जयकुमार, पंचकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष नवीन जैन, महामंत्री प्रवीण जैन, कोषाध्यक्ष मनीष जैन, सह-कोषाध्यक्ष विपिन जैन, उपमंत्री आशीष जैन सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, आशु जैन, लकी जैन, तन्मय जैन, अनमोल जैन, गौरव जैन, सचिन जैन, विपिन जैन (बॉबी), मेघा जैन, पिंकी जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
