आगामी त्योहारों को लेकर एसपी आशुतोष बागड़ी ने SPO कोटवारों को दिया प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

आगामी त्योहारों, धार्मिक आयोजनों एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत सभागार में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के रूप में नियुक्त कोटवारों का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागड़ी ने स्वयं उपस्थित होकर कोटवारों को उनकी जिम्मेदारियों, कर्तव्यों एवं पुलिस कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोटवार ग्रामीण क्षेत्रों में शासन, प्रशासन एवं पुलिस के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उनकी सतर्कता एवं सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने सभी कोटवारों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिस को सहयोग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी रखने, अफवाहों की रोकथाम तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में प्राप्त अधिकारों एवं जिम्मेदारियों का उपयोग केवल जनहित एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाए। किसी भी परिस्थिति में पद का दुरुपयोग न किया जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा अनुचित आचरण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख निर्देश:

पुलिस की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न शाखाओं की भूमिका की जानकारी दी गई।

आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।

भीड़ नियंत्रण एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

संदिग्ध व्यक्तियों, गतिविधियों एवं बाहरी तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

किसी भी आपराधिक गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के लिए कहा गया।

सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने तथा उनकी सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की समझाइश दी गई।

ड्यूटी के दौरान अनुशासन, मर्यादित व्यवहार एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

विशेष पुलिस अधिकारी के पद एवं अधिकारों का किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न करने के निर्देश दिए गए।

आपदा, दुर्घटना अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग की भावना के साथ जनता एवं पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री सुनील दीक्षित, थाना प्रभारी शाहपुर श्री अखिलेश मिश्रा, सूबेदार दीपाली यादव सहित समस्त कोटवार एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version