हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन | New India Times

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए इच्छुक एवं पात्र हज यात्रियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ हो गई है, जो 20 जुलाई 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक जारी रहेगी। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा मोबाइल एप्लिकेशन “हज सुविधा” के माध्यम से किए जा सकते हैं।

हज कमेटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शानवास सी. (आईएएस) द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयनित आवेदकों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करानी होगी। निर्धारित समय-सीमा में किसी प्रकार की छूट या विस्तार नहीं दिया जाएगा।

आवेदन के लिए आवेदकों को कुछ आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी, जिनमें मशीन-पठनीय भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते का प्रमाण शामिल हैं। हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों के रूप में केवल स्कैन की हुई प्रतियां ही स्वीकार की जाएंगी, फोटोग्राफ नहीं।

हज आवेदन के लिए पासपोर्ट आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए तथा उसकी वैधता कम-से-कम 31 दिसंबर 2027 तक होना अनिवार्य है।

हज कमेटी ने यात्रियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों और घोषणापत्रों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। साथ ही हज सीट के निरस्तीकरण को हतोत्साहित करते हुए बताया गया है कि सीट रद्द करने पर हज-2027 दिशा-निर्देशों के अनुसार दंडात्मक शुल्क लगाया जाएगा। इसलिए केवल वही व्यक्ति आवेदन करें जो हज यात्रा करने के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हों।

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सभी इच्छुक यात्रियों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version