अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
थाना अयोध्यानगर पुलिस ने मोबाइल लूट एवं झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन, चार मोटरसाइकिलें और वारदात में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी स्पोर्ट बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न इलाकों में राह चलते मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे लोगों को निशाना बनाते थे। झपटमारी में असफल होने पर आरोपी चाकू दिखाकर मोबाइल लूट लेते थे। वारदात के दौरान पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास सहवाल के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई अयोध्यानगर थाना क्षेत्र के नरेला जोड़ पर 11 जून को हुई मोबाइल लूट की घटना की जांच के दौरान की गई।
फरियादी निखिल ओझा से नरेला जोड़ के पास चाकू अड़ाकर वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया गया था। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से साहिल खान, फैजान पठान, समीर अंसारी और तालिब खान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले लगभग एक वर्ष से संगठित तरीके से मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरोह का कथित मास्टरमाइंड सबदर अली ईरानी और एक अन्य आरोपी शाहरुख फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
आरोपियों ने बताया कि वे शाम 7 बजे से रात 10 बजे के बीच शहर के विभिन्न इलाकों में निकलते थे और हाथ में मोबाइल लेकर चलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। लूटे गए मोबाइल गिरोह के सरगना को सौंपे जाते थे, जो उन्हें बेचकर रकम का बंटवारा करता था। आरोपियों ने महंगे शौक पूरे करने और जल्दी पैसा कमाने के लिए अपराध की राह चुनी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वीवो, आईफोन, सैमसंग, रेडमी, रियलमी, ओप्पो, मोटोरोला समेत विभिन्न कंपनियों के कुल 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त केटीएम ड्यूक, पल्सर 200 एनएस तथा चोरी की होंडा साइन और आर15 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस जांच में अब तक अयोध्यानगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, हबीबगंज, बागसेवनिया और टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्रों की कुल 12 वारदातों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इस सफलता में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे सहित अयोध्यानगर, पिपलानी, निशातपुरा थाना और तकनीकी सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
