वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
जनपद खीरी में अवैध पटाखों एवं विस्फोटक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गौरीफंटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त एवं चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध पटाखों के साथ नेपाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को थाना गौरीफंटा पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कवच आउट पोस्ट सूड़ा से मोहना नदी घाट की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश राणा पुत्र मंत्री सिंह, निवासी जुड़ौड़ा कटान, वार्ड नंबर 10, उपमहानगरपालिका धनगढ़ी, जिला कैलाली (नेपाल) तथा विनोद राणा पुत्र राम सिंह राणा, निवासी जुड़ौड़ा कटान, वार्ड नंबर 10, उपमहानगरपालिका धनगढ़ी, जिला कैलाली (नेपाल) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 शॉट्स वाले 3 पैकेट तथा 30 शॉट्स वाले 4 पैकेट अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
थाना गौरीफंटा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा 9-बी/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक वीर प्रताप सिंह, कांस्टेबल राजीव सिंह एवं कांस्टेबल अमित कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
