मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मुख्य बाजार क्षेत्र में पुराने यूरिनल को हटाए जाने के बाद स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे पर युवा कांग्रेस के विधानसभा कार्यकारी अध्यक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष यशदीप साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका परिषद पर बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए यूरिनल हटाने का आरोप लगाया।

ज्ञापन में कहा गया कि पुराने यूरिनल के हटने के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अब केवल एक ही यूरिनल संचालित है, जिस पर व्यापारियों और आम नागरिकों का अत्यधिक दबाव है। नियमित सफाई नहीं होने से वहां गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। युवा कांग्रेस ने आशंका जताई कि यदि मानसून से पहले नए यूरिनल का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो बारिश के दौरान गंदगी बढ़ने से संक्रमण फैलने का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
यशदीप साहू ने आरोप लगाया कि बिना ठोस कार्ययोजना के यूरिनल हटाया गया, जिससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में सब्जी मंडी में बने यूरिनल की स्थिति को देखते हुए जनता निर्माण कार्य में पारदर्शिता चाहती है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने से पहले युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हटाए गए यूरिनल स्थल पर पहुंचे और नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जनहित के कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि वर्तमान में संचालित यूरिनल की प्रतिदिन 3 से 4 बार नियमित सफाई कराई जाए, बाजार क्षेत्र में तत्काल 2 से 3 अस्थायी यूरिनल स्थापित किए जाएं तथा नए स्थायी यूरिनल का निर्माण कार्य बिना विलंब शुरू किया जाए, ताकि बारिश से पहले नागरिकों को सुविधा मिल सके।
यशदीप साहू ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में देरी हुई या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आई तो कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिषद का घेराव कर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
इस दौरान योगेश नागेश, मोहित बनवंशी, प्रवीण सिंह, ऋतिक चौहान, उल्लास सोनी, मयंक साहू, आवेश चिश्ती, मिथलेश साहू, दीपेश साहू, उमेश साहू, नीरज तिवारी, अनिल अमरवंशी, अरुण बनवंशी, अमन अमरवंशी, सूरज धुर्वे, रूपेश, उदयभान, पंचलाल, कमलेश, रोहित सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।
