विदाई समारोह में भावुक हुए डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, बोले 'भागलपुर से जुड़ गया आत्मीय रिश्ता' | New India Times

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

विदाई समारोह में भावुक हुए डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, बोले 'भागलपुर से जुड़ गया आत्मीय रिश्ता' | New India Times

भागलपुर जिले के निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के स्थानांतरण के उपरांत टाउन हॉल, भागलपुर में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुक्त, आईजी, वरीय पुलिस अधीक्षक, विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपने भावुक संबोधन में डॉ. चौधरी ने कहा कि भागलपुर में बिताए गए लगभग ढाई वर्षों का समय कब बीत गया, इसका उन्हें एहसास ही नहीं हुआ। स्थानांतरण की सूचना के बाद उन्हें यह महसूस हुआ कि जिले और यहां के लोगों से उनका गहरा आत्मीय संबंध बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण तत्व है। संवेदना के बिना कोई भी अधिकारी केवल मशीन की तरह कार्य करता है। एक सर्जन के रूप में अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में मानवीय दृष्टिकोण अपनाना उन्होंने अपने पेशे से सीखा और उसी सोच के साथ प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया।

विदाई समारोह में भावुक हुए डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, बोले 'भागलपुर से जुड़ गया आत्मीय रिश्ता' | New India Times

डॉ. चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन की उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम हैं। उन्होंने भागलपुर को प्रशासनिक मानकों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी जिलों में शामिल होने का श्रेय सभी अधिकारियों और कर्मियों को दिया।
उन्होंने अपने कार्यकाल में पारदर्शिता, ईमानदारी और व्यावसायिकता को प्राथमिकता देने की बात कही तथा यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी अधिकारी पर अनैतिक कार्य का दबाव नहीं बनाया। जन शिकायतों के समाधान को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आत्मीय संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे प्रशासनिक तंत्र को एक परिवार के रूप में देखा। यदि उनकी कार्यशैली से किसी को कष्ट पहुंचा हो तो उन्होंने उसके लिए खेद भी व्यक्त किया।
डॉ. चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार जताते हुए सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को परिवार का सदस्य मानकर ही उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
विदाई समारोह के अंत में उन्होंने भागलपुरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां से मिली आत्मीयता और सहयोग को वे सदैव स्मरण रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. नवल किशोर चौधरी अब बिहार सरकार के पर्यटन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में वे अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाएंगे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version