वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

गोला गोकर्णनाथ नगर के सिनेमा रोड स्थित नए मंदिर द्वार के नामकरण को लेकर स्थानीय नागरिकों के बीच चर्चा तेज़ हो गई है। एमएलसी श्री अनूप गुप्ता द्वारा निर्मित इस द्वार पर “छोटी काशी महादेव मंदिर द्वार” अंकित किए जाने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है और इसे क्षेत्र की मूल ऐतिहासिक एवं पौराणिक पहचान के अनुरूप नहीं बताया है।
जागरूक नागरिकों का कहना है कि इस पावन तीर्थ का प्राचीन और वास्तविक नाम “गोला गोकर्णनाथ” है, जो ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक प्रमाणों में दर्ज है। उनके अनुसार “छोटी काशी” एक प्रचलित उपनाम अवश्य है, लेकिन यह मूल नाम का स्थान नहीं ले सकता। नागरिकों ने तर्क दिया कि शिव पुराण, स्कंद पुराण, वराह पुराण तथा गीताप्रेस के विभिन्न प्रकाशनों में गोकर्णनाथ का उल्लेख मिलता है, इसलिए मंदिर और नगर की पहचान उसके मूल नाम से ही होनी चाहिए।
इसके साथ ही कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि किसी मंदिर के मुख्य द्वार को किसी दिवंगत जनप्रतिनिधि की स्मृति से जोड़ना कितना उचित है। उनका मानना है कि मंदिर का द्वार भगवान, तीर्थ परंपरा और उसके ऐतिहासिक स्वरूप को समर्पित होना चाहिए।
हालांकि स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि का विरोध करना नहीं है, बल्कि गोला गोकर्णनाथ की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखना है। नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इस विषय पर पुनर्विचार करने और मूल पहचान को प्राथमिकता देने की अपील की है।
