ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) अकोला ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए फर्जी CBI अधिकारी बनकर एक व्यापारी से लूटे गए 25 लाख रुपये मात्र 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिए। इस मामले में खामगांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को बालापुर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 468/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 318(1), 204, 351(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, खामगांव के एक व्यापारी से कुछ लोगों ने स्वयं को CBI अधिकारी बताकर जबरन 25 लाख रुपये की नकद राशि छीन ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर को तत्काल आवश्यक निर्देश देते हुए अपराध का शीघ्र खुलासा करने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया।
निर्देश प्राप्त होने के बाद पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर के नेतृत्व में तीन अधिकारियों एवं 20 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई। टीम ने दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए खामगांव से बालापुर मार्ग पर लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी जांच, गोपनीय सूचनाओं एवं मुखबिरों की सहायता से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हार्दिक मनोज कुमार गुरबानी (22 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, खामगांव, जिला बुलढाणा तथा साहिल नंदकिशोर नथ्थानी (25 वर्ष), निवासी तलाव रोड, बीएचआर नगर, खामगांव, जिला बुलढाणा के रूप में हुई।
आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी 25 लाख रुपये की नकद राशि, फरियादी का 10 हजार रुपये मूल्य का एंड्रॉयड मोबाइल सहित कुल 25 लाख 10 हजार रुपये का माल बरामद किया गया। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) भी जब्त किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 27 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का माल बरामद किया है।
एलसीबी की इस उत्कृष्ट कार्रवाई से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने जांच दल को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। मामले की आगे की जांच बालापुर पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक एवं अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर, सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश देशमुख, सहायक पुलिस निरीक्षक गोपाल जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक माजिद पठाण तथा पुलिसकर्मियों शेख हसन, रवि खंडारे, अब्दुल माजिद, महेंद्र मलिये, भास्कर धोत्रे, स्वप्नील खेडकर, मंगेश इंगळे, अमोल दिपके, श्रीकांत पातोंड, राज चंदेल, राहुल गायकवाड एवं चालक देवानंद खरात सहित पूरी टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।
