मोहम्मद मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जुन्नारदेव थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार ज्योति ठोके ने की।
बैठक में क्षेत्र के ताजियादार, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे। इस दौरान प्रशासन द्वारा ताजियों की ऊंचाई सीमित रखने के निर्देश दिए गए, साथ ही लंगर एवं जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकालने की अपील की गई। कर्बला मैदान में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए विद्युत विभाग एवं नगर पालिका को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग द्वारा मोहर्रम के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने की बात कही गई।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे, थाना प्रभारी जे. मसराम, विद्युत विभाग के जेई दुर्गेश डेहरिया, आरक्षक पंडित राम अवतार तिवारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे ने आभार व्यक्त किया।
