वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गोला क्षेत्र के जमुनाबाद स्थित राज्य कृषि फार्म में प्राकृतिक खेती विषय पर एक कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी:
गोष्ठी के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता तथा कार्यक्रम संयोजक इंजीनियर अंकित अवस्थी रहे। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों एवं प्राकृतिक खेती के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि निदेशक गिरीश चंद्र, जिला कृषि अधिकारी, शोध संस्थान के वैज्ञानिक, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी तथा प्रगतिशील किसान अतुल कुमार रस्तोगी, मुरलीधर वर्मा और रामनरेश ने अपने अनुभव साझा किए।
अरविंद गुप्ता का संबोधन:
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। खेती में आधुनिक तकनीक के साथ प्राकृतिक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना है और इसी उद्देश्य से इस क्षेत्र में इस गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम संयोजक इंजीनियर अंकित अवस्थी ने किसानों से आह्वान किया कि वे गोष्ठी में प्राप्त जानकारी को अपने खेतों में लागू करें, जल एवं भूमि संरक्षण पर विशेष ध्यान दें तथा नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाएं।
गोष्ठी में लगभग 300 किसानों ने भाग लिया। समापन अवसर पर 15 प्रगतिशील किसानों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन कृषि वैज्ञानिक डॉ. संतोष कुमार विश्वकर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
