संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

पन्ना जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर सजग युवा एसोसिएशन द्वारा अजयगढ़ चौराहा पर आयोजित जनहित हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला। अभियान में 200 से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त डॉक्टरों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को शीघ्र भरने की मांग का समर्थन किया।
अभियान में जिले के विभिन्न वर्गों के नागरिक, युवा, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार हैं, लेकिन पन्ना जिले में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की कमी के कारण मरीजों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मरीजों को उपचार के लिए अन्य जिलों में रेफर होना पड़ता है, जिससे आर्थिक और मानसिक परेशानियां बढ़ती हैं।
सजग युवा एसोसिएशन के संस्थापक लक्ष्य एवं वीर के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाना और जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की मांग को प्रभावी रूप से उठाना रहा। अभियान के दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
नागरिकों ने शासन से मांग की कि जिला चिकित्सालय पन्ना सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य शासकीय संस्थानों में रिक्त चिकित्सक एवं विशेषज्ञ पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएं, ताकि आमजन को समय पर और बेहतर उपचार मिल सके।
इस अवसर पर अभय, वेदांत, मोहनीश, सक्षम, दिव्यांश, अंकित, शुभ, उपेंद्र, आभास, नमन, तन्मय, पृथ्वी, रामबाबू, शिवांश, आनंद, वेद और राजेश सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सजग युवा एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक व सकारात्मक माध्यमों से शासन तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर किया जाएगा। “एक हस्ताक्षर, बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” संदेश के साथ आयोजित इस अभियान ने यह साबित किया कि पन्ना की जनता अपने स्वास्थ्य अधिकारों को लेकर जागरूक है और बेहतर सुविधाओं के लिए एकजुट होकर आवाज उठा रही है।
