मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव में एक बार फिर क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा लगभग दो माह पूर्व डेंटिस्ट की नियुक्ति की गई थी, लेकिन अब तक उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एमडीएस डेंटिस्ट को न तो अलग कक्ष उपलब्ध कराया गया है और न ही डेंटल चेयर की व्यवस्था की गई है। इसके कारण क्षेत्र के ग्रामीण एवं आदिवासी मरीजों को दंत चिकित्सा सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
डेंटिस्ट डॉ. मुदस्सर ने बताया कि नियुक्ति के समय ही उन्होंने लिखित रूप से कक्ष और डेंटल चेयर उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन आज तक यह सुविधाएं नहीं मिलने के कारण वे मरीजों का समुचित उपचार करने में असमर्थ हैं।
इनका कहना है
“डेंटिस्ट की नियुक्ति दो माह पूर्व हुई है। आवश्यक उपकरणों एवं सामग्री की उपलब्धता के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।”
सुरेश नागवंशी
बीएमओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव
