अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

आम आदमी पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इंजीनियर इमरान लतीफ़ एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, वह बस्ती से दिल्ली जाने के लिए एक प्राइवेट लग्ज़री एसी स्लीपर बस में सवार हुए थे। बस बस्ती टोल प्लाज़ा से रवाना होकर दिल्ली की ओर जा रही थी।
बताया जाता है कि हर्रैया के आगे छावनी क्षेत्र पार करते समय रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों क्षतिग्रस्त हो गए और बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए।
इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने बताया कि दुर्घटना बेहद भयावह थी और कुछ समय के लिए यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने मौके पर घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया। इसके बाद उन्होंने अपना निजी वाहन बुलवाकर दुर्घटना स्थल से डुमरियागंज के लिए रवाना हो गए।
घटना में इंजीनियर इमरान लतीफ़ पूरी तरह सुरक्षित रहे। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने इसे ईश्वर की कृपा बताते हुए उनके सुरक्षित होने पर राहत जताई।
