रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

रोटरी क्लब अपना मेघनगर के 11वें स्थापना दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब अपना मेघनगर एवं शंकुस मल्टी स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल, रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में एक निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर के अंतर्गत आयोजित विशेष यूरोलॉजी जांच शिविर में किडनी, प्रोस्टेट तथा मूत्र संबंधी रोगों की जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर में कुल 126 मरीजों ने लाभ प्राप्त किया। जांच के दौरान 9 मरीज गंभीर बीमारियों से पीड़ित पाए गए, जिनका उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क कराया जाएगा।

रोटरी क्लब अपना मेघनगर के अध्यक्ष गोविन्दसिंह चौहान ने बताया कि क्लब पिछले 11 वर्षों से सेवा, समर्पण और मानवता के उद्देश्य को लेकर निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में क्लब द्वारा समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाजसेवी चंद्रेश भण्डारी की मातुश्री स्वर्गीय श्रीमती रूपकुँवर भण्डारी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष पंकज रांका, सचिव कमलेश गरवाल, संस्थापक अध्यक्ष भरत मिस्त्री शर्मा, मांगीलाल नायक, महेश प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को क्षेत्रवासियों ने सराहा और इसे जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
