गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा माधवगंज स्थित प्रभु उपहार भवन में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष अशोक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी, प्रेरक वक्ता बीके प्रहलाद भाई तथा व्यवसायी संतोष बंसल भी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में बीके प्रहलाद भाई ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ब्रह्माकुमारीज पिछले नौ दशकों से आध्यात्मिकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और नशामुक्ति जैसे क्षेत्रों में जन-जागरूकता का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन का संबंध अत्यंत गहरा है और इसके संरक्षण के बिना मानव जीवन सुरक्षित नहीं रह सकता।
मुख्य अतिथि अशोक शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का विषय केवल वर्तमान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि यदि पृथ्वी पर सबसे बड़ा संकट आएगा तो वह जल का होगा। जल ही जीवन का आधार है और इसके बिना किसी भी जीव का अस्तित्व संभव नहीं है। उन्होंने जल के अपव्यय को रोकने और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया तथा साडा क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीके आदर्श दीदी ने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने और कपड़े के थैले का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने घर के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर व्यवसायी संतोष बंसल ने भी पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जल बचाने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
