संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज नगर से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक किराना व्यापारी ने अपनी ही दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना अमानगंज के दुबे मोहल्ला स्थित किशनगढ़ रोड की है। जानकारी के अनुसार, ‘शुभ ट्रेडर्स’ नाम से किराना दुकान संचालित करने वाले लगभग 50 वर्षीय रामभद्र तिवारी (निवासी उरला, वर्तमान निवास अमानगंज) ने दुकान के भीतर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक ग्राहक सामान लेने दुकान पर पहुंचा, जहां शटर आधा बंद था। ग्राहक द्वारा कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया। जब लोगों ने अंदर झांककर देखा, तो व्यापारी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही अमानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतारा गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमानगंज भेज दिया गया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
