मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध गौवंश तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी नेपानगर श्री निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में चौकी धूलकोट पुलिस ने 9 गौवंश जब्त कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
धूलकोट पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गौवंश को अवैध रूप से एवं क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र की ओर वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अंबा-झीरपाजरिया मार्ग पर सुखड़िया नाले के पास नाकाबंदी कर दी।
पुलिस टीम को देखकर वाहन चालक पिकअप वाहन सड़क किनारे छोड़कर जंगल की आड़ लेकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन क्रमांक MP-37 GA-1633 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 9 गौवंश अत्यंत क्रूर परिस्थितियों में ठूंस-ठूंसकर बांधे हुए पाए गए। पुलिस टीम ने गौवंश के पैरों में बंधी रस्सियां काटकर उन्हें मुक्त कराया।
मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 49/26 के तहत मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 9 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
जिले में अवैध गौवंश परिवहन एवं वध के उद्देश्य से की जाने वाली गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
जप्त मशरूका:
• 09 नग गौवंश (अनुमानित मूल्य ₹60,000)
• दो लोहे के पटिए (मूल्य ₹500)
• पिकअप वाहन (मूल्य ₹2,00,000)
कुल जप्त मशरूका मूल्य: ₹2,60,500।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निंबोला श्री राहुल कांबले, चौकी प्रभारी धूलकोट श्री कमल मोर, प्रधान आरक्षक संतोष दोगने, आरक्षक इमरान खान एवं कोमल वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।
