ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब जी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री जगन्नाथ मरकाम जी एवं एसडीओपी श्री नवीन तिवारी जी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ बुधवार की सुबह रेलवे स्टेशन अनूपपुर के पास कोचिंग जाते समय रास्ता रोककर छेड़खानी करने वाले आरोपी प्रीतम प्रसाद कोरी (निवासी ग्राम दुलहरा, अनूपपुर) को घटना के तुरंत बाद पीछा कर गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 06:00 बजे थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंची नाबालिग बालिका द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि जब वह कोचिंग पढ़ने के लिए रेलवे स्टेशन के पास से जा रही थी, तभी एक युवक ने उसका रास्ता रोका और हाथ पकड़कर बुरी नीयत से छेड़खानी की। बालिका के शोर मचाने पर आरोपी वहाँ से भाग गया।
उक्त सूचना मिलते ही टी.आई. कोतवाली अरविंद जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक रीतेश सिंह एवं आरक्षक कमलेश दांगी की टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के तुरंत बाद आरोपी प्रीतम प्रसाद कोरी (पिता रामदास कोरी, उम्र करीब 30 साल, निवासी ग्राम दुलहरा, थाना कोतवाली अनूपपुर) को धरदबोचा। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 312/26, धारा 74, 126 (2) बीएनएस एवं 7, 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
