मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में तामिया ब्लॉक के पर्यटन ग्राम धूसावानी का चयन एस्ट्रो विलेज के रूप में किया गया है। यहां स्टार गेजिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रथम चरण का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है।
कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में जिले में पर्यटन विकास की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित पर्यटन ग्राम धूसावानी को ग्रामीण पर्यटन के मॉडल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ इसे एस्ट्रो गांव के रूप में स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी सिलसिले में गुजरात के भुज से आई स्टार गेजिंग इंडिया की तीन सदस्यीय टीम ने गांव में तीन दिन प्रवास कर सर्वेक्षण किया।
टीम ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा दो रातों तक गांव में रहकर स्टार गेजिंग की संभावनाओं का परीक्षण किया। अत्याधुनिक टेलीस्कोप की सहायता से रात के समय ग्रहों और तारों का अवलोकन किया गया। इस दौरान कई ग्रामीणों ने पहली बार इस अनूठे अनुभव का आनंद लिया।
आने वाले समय में धूसावानी में एक एस्ट्रो पार्क की स्थापना की जाएगी, जहां पर्यटक खुले एवं ऊंचे स्थानों पर कैंप लगाकर स्वच्छ आकाश, आकाशगंगा तथा असंख्य तारों के मनमोहक दृश्य का आनंद ले सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित इस पर्यटन ग्राम में वर्तमान में पांच होम स्टे संचालित हो रहे हैं, जबकि तीन अन्य निर्माणाधीन हैं।
खगोल विज्ञान को ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने की यह अभिनव पहल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
