झाबुआ में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने एसपी देवेंद्र पाटीदार का औचक निरीक्षण, थानों को दिए सख्त निर्देश | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने एसपी देवेंद्र पाटीदार का औचक निरीक्षण, थानों को दिए सख्त निर्देश | New India Times

झाबुआ जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने थाना मेघनगर, काकनवानी एवं हरिनगर चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता, मालखाना एवं हवालात की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। हवालात की स्थिति की जांच करते हुए बंदियों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मालखाने में रखे माल और हथियारों का रिकॉर्ड से मिलान कर उनके रखरखाव की समीक्षा की।
प्रशासनिक समीक्षा के दौरान एसपी ने अपराध रजिस्टर और थाना क्षेत्र के नक्शे का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्थानीय भौगोलिक व जनसांख्यिकीय परिस्थितियों के अनुसार अपराध नियंत्रण की रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए और सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

झाबुआ में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने एसपी देवेंद्र पाटीदार का औचक निरीक्षण, थानों को दिए सख्त निर्देश | New India Times

थाना परिसर में खड़े जब्त वाहनों और अवैध शराब के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि वैधानिक प्रक्रिया के तहत पुराने वाहनों और जब्त शराब का समयबद्ध नष्टीकरण किया जाए, जिससे परिसर में अनावश्यक भीड़ कम हो और व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहें।
इसके अलावा सीसीटीएनएस एवं एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन डेटा एंट्री और साइबर शिकायतों के निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी पाटीदार ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने फरियादियों के साथ संवेदनशील व शालीन व्यवहार रखने पर जोर देते हुए कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत करने की बात भी कही।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने हरिनगर-बालवासा एवं गुजरात सीमा से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों का भी दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।
भ्रमण के दौरान उन्होंने पीपलखुटा स्थित मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। निरीक्षण के समय संबंधित थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिस बल उपस्थित रहा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version