अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
जमीअत उलमा मध्य प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर 31 मई 2026 को गांधी नगर में प्रस्तावित टी राजा सिंह के कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जमीअत उलमा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून ने किया। इस दौरान श्री महेंद्र शर्मा, ईसाई धर्मगुरु फादर आनंद मुतुंगल, बौद्ध धर्मगुरु शाक्यपुत्र भंते सागर जी एवं जुबैर अय्यूबी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि T. Raja Singh पूर्व में अपने कथित भड़काऊ बयानों और एक समुदाय विशेष के खिलाफ नफरत फैलाने वाले बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आशंका जताई कि ऐसे व्यक्ति को भोपाल में सभा करने की अनुमति देना शहर की शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में भोपाल सहित देश के कई हिस्सों में सामाजिक परिस्थितियां संवेदनशील बनी हुई हैं। ऐसे में विवादित और विभाजनकारी छवि वाले व्यक्ति के कार्यक्रम से सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रस्तावित कार्यक्रम पर तत्काल रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि भोपाल सहित पूरे मध्य प्रदेश में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखा जा सके।
