मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश के रीवा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी अपनी स्वच्छ छवि और आमजनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के कारण लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं। आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले तीन तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उन्हें तीन दिवस के भीतर समक्ष उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने तहसीलदार जवा जितेन्द्र तिवारी को सीमांकन नहीं कराने, तहसीलदार सेमरिया ममता पटेल को गलत सीमांकन कराने तथा तहसीलदार मनगवां आंचल अग्रहरि को सीमांकन कार्य में लापरवाही एवं पटवारी द्वारा राशि मांगने की शिकायत पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि गत जनसुनवाई के दौरान आवेदकों ने अपनी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया था, जिसके बाद कलेक्टर द्वारा यह कार्रवाई की गई।
