मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के अंतर्गत जिले में शुक्रवार से मकान गणना एवं मकान सूचीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया। यह अभियान 22 मई से 20 जून तक संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के आवास से मकान गणना एवं सूचीकरण कार्यवाही के साथ किया गया। इस दौरान प्रगणक हिमांशु द्वारा आवास को हाउस नंबर प्रदान किया गया। मौके पर सुपरवाइजर कुसुम भी उपस्थित रहीं।
शुभारंभ अवसर पर सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, जनगणना प्रभारी अनुराग सिंह, डीआईओ एनआईसी जॉय शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि मकान गणना एवं सूचीकरण का कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि गणना कार्य में लगे कर्मचारियों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह महत्वपूर्ण अभियान समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
अभियान के तहत प्रगणक घर-घर जाकर मकानों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में किया जाएगा।
