जुन्नारदेव में पेयजल संकट गहराया, एक हफ्ते से नलों में नहीं आया पानी | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

भीषण गर्मी के बीच नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 सहित कई वार्डों में पेयजल संकट गहरा गया है। वार्डवासियों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से नलों में पानी नहीं आने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी नगर पालिका की ओर से उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे वार्डवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि नगर पालिका द्वारा जगह-जगह पाइपलाइन खुदाई का कार्य किया जा रहा है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी जलापूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। भीषण गर्मी में लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। इतना ही नहीं, नगर पालिका द्वारा टैंकर के माध्यम से भी पानी की आपूर्ति नहीं की गई।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पानी की समस्या को लेकर नगर पालिका के भाजपा पार्षद ने भी अपनी ही परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या से अनजान बने हुए हैं।

वहीं 20 मई को नगर पालिका द्वारा पाइपलाइन जोड़ने का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान पाइपलाइन फूट गई, जिससे हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। एक ओर जहां जनता पानी के लिए परेशान है, वहीं दूसरी ओर पानी की बर्बादी ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version