रहीम शेरानी हिंदुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
जनगणना 2027 के पहले चरण को सफल और सटीक बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से रवाना हुआ ‘जनगणना रथ’ सोमवार को मेघनगर विकासखंड पहुंचा। रथ के माध्यम से क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को जनगणना के महत्व से अवगत कराया जा सके।
मेघनगर आगमन पर नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार, प्रभारी लीला डामोर सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने रथ का स्वागत किया। इसके बाद साईं चौराहा, बस स्टैंड और टेम्पो स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास और नीति-निर्धारण की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचें, तो वे उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।
अधिकारियों ने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
मेघनगर मुख्यालय पर जागरूकता कार्यक्रम के बाद जनगणना रथ को विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना कर दिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रथ अब खच्चरटोड़ी और रम्भापुर सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को जनगणना के प्रति जागरूक करेगा।
