अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मुस्लिम युवक के साथ कथित तौर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट किए जाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला सामने आया है। वीडियो में “अल्लाह” शब्द को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
इस मामले को लेकर Association for Protection of Civil Rights (APCR) भोपाल की टीम बुधवार रात थाना गोविंदपुरा पहुंची। टीम ने थाना प्रभारी अवधेश कुमार तोमर से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

APCR द्वारा पुलिस को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 11 मई 2026 को रोहित सिंह, बुंदेल प्रजापति, जीतू कुशवाहा, रंजीत सूर्यवंशी सहित अन्य लोगों ने एक बालिग मुस्लिम युवक और एक बालिग हिंदू युवती को होटल में मिलने के दौरान रोका और युवक के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान युवक का वीडियो बनाकर उसे अपमानित किया गया तथा धार्मिक आधार पर भड़काऊ और अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
संस्था ने कहा कि बालिग युवक-युवती को अपनी इच्छा से मिलने और आने-जाने का संवैधानिक अधिकार है तथा कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट या धार्मिक टिप्पणी करना गंभीर अपराध है।संस्था ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 117, 126(2) और 127(2) के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस दौरान थाना गोविंदपुरा में अनवर पठान, फसल रहमान, इमरान अहमद, अशरफ अली, रशीद पठान, नोमान अंसारी, नेता शवार खान, अनवर जिलानी सहित कई सामाजिक लोग मौजूद रहे।
