पत्नी के प्रेम प्रसंग के शक में युवक को गोली मारने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद क्षेत्र में 6 मई को अवनीश सिंह ने अपनी पत्नी के कथित प्रेम संबंधों के शक में अमित नामक युवक के सिर में गोली मार दी थी।

8 मई की रात करीब 12:30 बजे पुलिस गांव पलहराई के पास गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार अवनीश सिंह पुत्र नरवीर सिंह, निवासी ग्राम सैदपुर, थाना कांट, जिला शाहजहांपुर, पुलिस को देखकर भागने लगा।

भागने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली कांस्टेबल शुभम सैनी के हाथ को छूते हुए निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अवनीश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

एसपी ग्रामीण भवरे दीक्षा ने बताया कि 6 मई को अमित पर जानलेवा हमला किया गया था। घटनास्थल से अमित की जेब में रखे एक लाख रुपये भी बरामद हुए थे।

जांच में सामने आया कि अमित का एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला का पति नोएडा में काम करता है और एक शादी समारोह में गांव आया हुआ था। घटना के बाद वह पूछताछ से पहले ही संपर्क से बाहर हो गया था।

थाना जलालाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। घायल आरोपी और कांस्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version