परीक्षा देने जा रही छात्रा सड़क दुर्घटना में घायल, जिला अस्पताल रेफर | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

9 मई को शासकीय महाविद्यालय जुन्नारदेव की छात्रा नवेगांव टांडी से सुबह 7 बजे परीक्षा देने जुन्नारदेव आ रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने से छात्रा और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे एक छात्रा और एक युवक को सड़क दुर्घटना में घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया। छात्रा के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मोटरसाइकिल चला रहे युवक के हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।

परीक्षा समय में बदलाव की उठी मांग

वर्तमान में छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय की परीक्षाएं सुबह 7 बजे से आयोजित की जा रही हैं। इससे जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों से आने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जुन्नारदेव महाविद्यालय में नवेगांव, बोरदही, तामिया, सांगाखेड़ा और चावलपानी जैसे लगभग 50 से 55 किलोमीटर दूर क्षेत्रों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं।

परिजनों का कहना है कि सुबह जल्दी परीक्षा होने के कारण विद्यार्थियों को जल्दबाजी में सफर करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। पूर्व में भी कई छात्र-छात्राएं हादसों का शिकार हो चुके हैं। परिजनों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से आयोजित की जाएं, ताकि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version