मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए मोहम्मदी मरकज़ बुरहानपुर द्वारा मानवीय सेवा के रूप में एक विशेष शरबत वितरण शिविर (सबील) का आयोजन किया गया। यह पहल परम पावन डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब क़िब्ला (तउस) के मार्गदर्शन और प्रेरणा से की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य तपती धूप में राहगीरों और नागरिकों को राहत पहुंचाना था।
इस सबील के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को शीतल पेय (ठंडा शरबत) पिलाया गया। मोहम्मदी मरकज़ के पदाधिकारी इस नि:स्वार्थ सेवा के लिए स्वयं उपस्थित रहे। इस आयोजन में मोहम्मदी मरकज़ बुरहानपुर के आमिल शेख मुस्तफा ज़ाकिर भाई साहब, सचिव मुर्तज़ा मन्नान और संयुक्त सचिव हैदर बदियावाला ने प्रमुख भूमिका निभाई। संस्था के अन्य सदस्यों ने भी बड़े उत्साह और समर्पण के साथ इसमें भाग लिया।
इस अवसर पर मोहम्मदी मरकज़ बुरहानपुर के आमिल शेख मुस्तफा ज़ाकिर भाई साहब ने कहा, “परम पावन डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब क़िब्ला (तउस) हमें हमेशा मानवता की सेवा करने और जरूरतमंदों की मदद करने की शिक्षा देते हैं। उनके इसी विज़न से प्रेरित होकर आज इस भीषण गर्मी में लोगों को ठंडक और सुकून देने के लिए इस सबील का आयोजन किया गया है।”
बुरहानपुर के नागरिकों ने मोहम्मदी मरकज़ की इस नि:स्वार्थ सेवा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। शिविर के दौरान सैकड़ों राहगीरों, दैनिक वेतनभोगी मजदूरों और बच्चों ने ठंडे शरबत का आनंद लिया और इस नेक पहल के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया।
