मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मेडिकल स्टोर संचालक पर तमंचा दिखाकर फायरिंग एवं मारपीट करने के मामले में एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर थाना जलालाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो एवं प्राप्त तहरीर का संज्ञान लेते हुए तुरंत वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने बताया कि 3 मई को वादी राघवेन्द्र सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी ग्राम खुटरिया, थाना कांट, जनपद शाहजहांपुर ने थाना जलालाबाद में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि ग्राम पुरैना मेन चौराहे स्थित उनके मेडिकल स्टोर पर अभियुक्तगण ने एक राय होकर उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायर किया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना जलालाबाद में मुकदमा संख्या 176/2026, धारा 109(1)/115(2)/3(5) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना जलालाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त
1. संजय कुमार पुत्र शिवसरन लाल, निवासी ग्राम गुनारा थाना जलालाबाद
2. शोभित सिंह पुत्र मूला सिंह, निवासी ग्राम ठिंगरी थाना अल्हागंज को गिरफ्तार कर लिया है।
शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने, अवैध शस्त्रों का प्रदर्शन करने एवं आमजन में भय उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
