अपराध समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश: अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और त्योहारों में शांति बनाए रखने पर जोर | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

दिनांक 29.04.2026 को पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल द्वारा थाना शिकारपुरा में विवेचकों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में थाना शिकारपुरा के समस्त विवेचक उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करना, लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना तथा आगामी त्योहारों के मद्देनज़र आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।

बैठक में सभी विवेचकों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, जैसे जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं गौवंश तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मध्यप्रदेश शासन के माननीय मुख्यमंत्री की मंशानुसार प्रभारियों को जनता की समस्याओं का विधिसम्मत एवं त्वरित निराकरण करने के लिए कहा गया, जिससे आमजन में सकारात्मक संदेश पहुंचे।

आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शांति समिति एवं नगर सुरक्षा समिति के सहयोग से त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही क्षेत्र के गुंडा-बदमाशों एवं आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

लंबित अपराधों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण, संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने तथा चोरी संभावित स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित कर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा थाना क्षेत्र के आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश कर उनकी शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करने तथा वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही क्षेत्र के गुंडों, निगरानी बदमाशों एवं जिला बदर अपराधियों की नियमित जांच करने, लंबित अपराध, चालान, मर्ग, गुमशुदा व्यक्ति, खात्मा एवं खारजी मामलों का त्वरित निराकरण करने, समन एवं वारंट की समय-सीमा में तामील सुनिश्चित करने तथा CCTNS पर रिकॉर्ड अपडेट रखने के भी निर्देश दिए गए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version