रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार ने बताया कि झाबुआ एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, जिसमें अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से आवागमन करते हैं।
अभी अत्यधिक गर्मी और तेज लू का मौसम चल रहा है, जिससे कई छात्र-छात्राएं बीमार पड़ रहे हैं। वहीं नए सत्र को संचालित हुए लगभग दो सप्ताह से अधिक समय हो चुका है, परंतु अधिकांश स्कूलों में अभी तक मध्याह्न भोजन नहीं दिया जा रहा है।
स्कूलों में मध्याह्न भोजन नहीं देने वाले समूहों की जांच कर उचित कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल हटाया जाए। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने यह मांग की है।
संगठन ने छात्रों के स्वास्थ्य तथा तेज लू और अत्यधिक गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं सीबीएसई संस्थानों में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए शाला संचालन का समय प्रातः 7:30 बजे से 12:30 बजे तक करने की मांग की है।
अतः भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि छात्रों के स्वास्थ्य और अत्यधिक गर्मी को देखते हुए समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं सीबीएसई शैक्षणिक संस्थानों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल समय प्रातः 07:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया जाए।
इस दौरान एनएसयूआई के प्रतिनिधि मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिला महामंत्री विनोद गणावा, अनिल भाभोर, अल्केश पारंगी, सचिन बघेल, कांतिलाल भूरिया, मनोज गुड़िया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
