भोपाल में 17 लाख की लूट का खुलासा: महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, सोने का कड़ा बरामद | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा सहित घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को फरियादी डॉ. मनोज वर्मा से किलोल पार्क के पास तीन अज्ञात युवकों ने साइकिल से गिराकर आंख में मिर्च पाउडर डालते हुए सोने का कड़ा, घड़ी और नकदी लूट ली थी। मामले में श्यामला हिल्स थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

करीब 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों में आलिया खान, अरशान, अदनान खान और मोहम्मद मुदस्सिर कुरैशी शामिल हैं, जबकि एक आरोपी अयान अब भी फरार बताया जा रहा है।

जांच में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता आलिया खान ने अपने परिचित डॉ. मनोज वर्मा से पुराने विवाद के चलते उन्हें सबक सिखाने के लिए लूट की योजना बनाई। उसने सह-आरोपी अदनान को डॉक्टर की दिनचर्या और आने-जाने के रास्ते की जानकारी दी तथा सोने का कड़ा लूटने के लिए उकसाया।

योजना के तहत आरोपियों ने पहले रैकी की और फिर घटना वाले दिन मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे सोने का कड़ा बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, थाना तलैया, हनुमानगंज, टीला जमालपुरा और श्यामला हिल्स पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version