त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
देवरी नगर में जगह-जगह खुलेआम जुआ-सट्टा की पर्चियां काटी जा रही हैं, जिससे कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन मौन बना हुआ है।
मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री व पुलिस विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जिस प्रकार अवैध जुआ-सट्टा खिलाने वालों और अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दे रहे हैं, उसी के तहत ऐसे शातिर बदमाशों व अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के आदेश सभी थानों को दिए गए हैं। इसको लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा हर महीने कार्रवाई हेतु अभियान भी चलाए जाते हैं, ताकि अपराध कम हो सके।
मगर सरकार एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का देवरी नगर में खुलेआम उल्लंघन होता नजर आ रहा है। वर्तमान समय में जिले भर में देवरी नगर जुआ-सट्टा के मामले में नंबर वन पर पहुंच चुका है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देवरी नगर में जुआ-सट्टा का खेल प्रतिदिन लगभग 10 से 20 लाख रुपये से अधिक का बताया जा रहा है।
नगर के 15 वार्डों में जुआ-सट्टा के कारण कई गरीब परिवार बर्बाद हो चुके हैं। जुआ-सट्टा खेलने वालों की स्थिति ऐसी हो जाती है कि वे अपने परिवार में विवाद करते हैं और कई बार अपराध को भी अंजाम दे देते हैं। नगर में जगह-जगह खुलेआम सट्टा की पर्चियां काटकर यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है, मगर देवरी पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
जानकारी के अनुसार यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के पीछे सट्टा संचालकों से कथित सांठगांठ होने की बातें सामने आ रही हैं। नगर के लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन को सट्टा खिलाने वालों के बारे में जानकारी देने के बावजूद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। आरोप यह भी है कि कुछ पुलिसकर्मी कार्रवाई से पहले ही सट्टा संचालकों को सूचना दे देते हैं।
वर्तमान समय में नगर के गांधी वार्ड, संजय नगर, अंबेडकर वार्ड, बाजार वार्ड, शास्त्री वार्ड, खंडेराव वार्ड, झुंकू वार्ड, सुभाष वार्ड, जवाहर वार्ड, कोसलकिशोर वार्ड, सुखचैन वार्ड, पृथ्वी वार्ड सहित अन्य वार्डों में भी खुलेआम जुआ-सट्टा की पर्चियां काटी जा रही हैं। इसके बावजूद देवरी पुलिस प्रशासन द्वारा इन स्थानों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जुआ-सट्टा के कारण वर्तमान समय में नगर के सैकड़ों परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं। विगत समय में अवैध जुआ-सट्टा को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा भी यह मामला उठाया गया था, लेकिन सत्ता पक्ष से जुड़े होने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन ने इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया और न ही अपराधियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई की गई।
इनका कहना है
“देवरी नगर में अवैध सट्टा-जुआ खिलाने की जानकारी आपसे मिली है। सागर एसपी को निर्देश देता हूँ, तुरंत कार्रवाई कराई जाएगी।”
— मिथलेश कुमार शुक्ला, आईजी सागर
