मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
शहर के मध्य जयस्तंभ पर स्थित आरक्षण केंद्र, शहर की जनता की सहूलियत के लिए स्थापित किया गया है, ताकि नगरवासियों के लिए यह वरदान साबित हो और जनता को आरक्षण कराने के लिए मध्य रेलवे के बुरहानपुर स्टेशन तक 4 से 5 किलोमीटर जाने की जरूरत न पड़े।
किंतु देखा गया है कि यहां के संचालनकर्ता और कर्मचारी इस केंद्र को वरदान के बजाय अभिशाप के रूप में परिवर्तित कर रहे हैं। इस केंद्र के संचालनकर्ताओं और कर्मचारियों का जनता के प्रति व्यवहार अच्छा नहीं बताया जा रहा है। यहां आए दिन जनता से झगड़ा करने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
झगड़ा करने के साथ-साथ यहां के संचालनकर्ता और कर्मचारी जयस्तंभ क्षेत्र के गुंडों के माध्यम से मारपीट कराने में भी पीछे नहीं रहते हैं। दिनांक 7 अप्रैल 2026, मंगलवार की शाम करीब 5:00 बजे भी एक ऐसी ही घटना सामने आई, जिसमें संचालनकर्ताओं और कर्मचारियों ने स्थानीय गुंडों के माध्यम से आरक्षण कराने आए कुछ यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें मां-बहन की अशोभनीय गालियां दीं।
इस केंद्र से जनता को राहत के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे आरक्षण केंद्र को चालू रखने के औचित्य पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में रेल प्रशासन को पुनर्विचार करते हुए संचालनकर्ताओं और दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
