मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हिया (परदेसी देसी मोहल्ला) में रहने वाले स्थायी निवासी नरेंद्र उर्फ नंदू ने जानकारी देते हुए बताया कि जी राम जी मनरेगा योजना के तहत लगभग 35 से 40 मजदूरों ने डैम (तालाब) निर्माण कार्य किया था। निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन आज तक मजदूरों की मजदूरी उनके खातों में नहीं पहुंची है। इस कारण करीब 40 परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई है और घरों में रसोई चलाना भी मुश्किल हो रहा है।
नरेंद्र उर्फ नंदू ने बताया कि उनकी 8 हफ्तों की मजदूरी अभी तक नहीं मिली है, जबकि अन्य मजदूरों की भी 8 से 10 हफ्तों की सैलरी लंबित है। मजदूरों ने 100 दिनों का कार्य भी पूरा कर लिया है, इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया है।
मजदूरों ने पंचायत में शिकायत की, लेकिन पंचायत द्वारा यह कहकर टाल दिया गया कि पेमेंट ऊपर से आएगी। परेशान होकर लगभग 10 मजदूरों ने सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई है। इसके बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है और मजदूर अपनी मेहनत की मजदूरी के लिए तरस रहे हैं।
सभी मजदूरों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द भुगतान करवाने की मांग की है। मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले मजदूरों में नरेंद्र उर्फ नंदू, सागर केथवश, मनीष, सुंदरी बाई, मुन्नी बाई, राजू वर्मा, अजय नागोतिया, राजा भाई, सुनील केथवश, नरेश मिस्त्री सहित अन्य मजदूर शामिल हैं।
