सीकर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन एंटी-वेनम’ में महिला ड्रग तस्कर गिरफ्तार, MDMA बरामद | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

सीकर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटी-वेनम’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सीकर जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस ने स्कूटी पर मादक पदार्थ की सप्लाई करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी दो युवकों को गांजा और स्मैक की तस्करी करते हुए पकड़ा जा चुका है।

कोतवाली थानाधिकारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि 22 मार्च की देर रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान एक युवती संदिग्ध अवस्था में स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 5.17 ग्राम एमडीएमए (MDMA) मादक पदार्थ बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि युवती शहर में नशा करने वाले युवाओं को स्कूटी के जरिए MDMA की सप्लाई करती थी। पुलिस ने आरोपी युवती, फागलवा निवासी पूजा कुमारी को तुरंत गिरफ्तार कर उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर ड्रग्स नेटवर्क के संबंध में आगे पूछताछ की जा रही है।

पहले भी पकड़े गए थे दो तस्कर

थानाधिकारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि 15 मार्च से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत पहले भी दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

• 17 मार्च को पुलिस ने अंकित सोनी को 160 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।

• वहीं 20 मार्च को आरोपी साहिल को 2.15 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया था।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशन में जिलेभर में 15 मार्च से 31 मार्च तक ‘ऑपरेशन एंटी-वेनम’ चलाया जा रहा है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version