गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:
अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र की जनता को नवरात्रि और ईद के शुभ अवसर पर बड़ी सौगात मिली है। पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा के प्रयासों से शहर के मुख्य मार्गों पर डिवाइडर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया गया।
बताया गया कि अकबरपुर नगर पालिका द्वारा शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के पास प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत यह कार्य पूरा कराया गया।

21 मार्च 2026 को आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी एमएलसी हरिओम पांडे और पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने संयुक्त रूप से स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी व डिप्टी कलेक्टर विशाल सारस्वत, नगर पालिका के लिपिक अनूप कुमार, रवि उपाध्याय, संजय सोनकर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
शहर के मुख्य मार्ग पर नई स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था से लंबे समय से अंधेरे की समस्या झेल रहे स्थानीय निवासियों को राहत मिली है। लोगों ने इस पहल के लिए पालिका प्रशासन का आभार जताया।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शहर की साफ-सफाई, सुरक्षा और सुंदरीकरण उनकी प्राथमिकता है। अत्याधुनिक लाइटों के लगने से राहगीरों को सुविधा मिलेगी और रात में होने वाली दुर्घटनाओं व चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
एमएलसी हरिओम पांडे ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष लगातार शहर के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं और आगे भी शहर को बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने डिवाइडर पर जाली लगवाने की योजना का भी जिक्र किया।
इस विकास कार्य से अब राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
