अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर की कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। खासतौर पर भारत गैस एजेंसी विद्या विहार पर गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि 4 से 5 दिन पहले बुक किए गए घरेलू गैस सिलेंडर भी समय पर उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहे हैं, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कई लोग अपने रोज़मर्रा के काम छोड़कर घंटों लाइन में लगकर गैस सिलेंडर पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
गैस एजेंसी के बाहर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई लोग भूखे-प्यासे घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार कई दिनों से सिलेंडर नहीं मिलने के कारण घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है।
इधर प्रशासन और गैस एजेंसियों की ओर से एडवाइजरी जारी कर कहा गया है कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सुचारू रूप से उपलब्ध कराया जाएगा और किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है, क्योंकि एजेंसियों पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
