मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खापा स्वामी के रेलवे गेट के पास अज्ञात तत्वों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब की खाली बोतलें फेंककर गंदगी फैलाई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, घूमटी के आसपास रात के समय कुछ लोग शराब पीकर बोतलों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर फेंक देते हैं।
यह स्थान एक आम रास्ता है, जहां से खापा स्वामी शासकीय माध्यमिक स्कूल के छात्र-छात्राएं तथा कन्हान वैली स्कूल के विद्यार्थी रोजाना आवागमन करते हैं। इसके अलावा आसपास रहने वाले बच्चों का भी यहां आना-जाना और खेलना होता है। ऐसे में सड़क पर पड़ी शराब की बोतलें बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बन रही हैं और इसका बच्चों पर गलत प्रभाव भी पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर खापा स्वामी स्थित एम.पी.बी. मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के आसपास इस तरह गंदगी फैले रहने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अज्ञात लोग रात के समय शराब पीकर बोतलें वहीं फेंक देते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से इस मामले में ध्यान देने की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन से रात के समय नियमित गश्त कराने की भी मांग की गई है, ताकि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
