मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खारी में हनुमान मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रैनी मेले से लौट रहे दो दोस्तों की बाइक को टर्निंग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल की टीम मौके पर पहुंची। पायलट जयपाल विश्वकर्मा और नगर सैनिक दुर्गेश ने घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के एएसआई मंगलेश्वर सिंह परिहार ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे में नितेश उइके (19 वर्ष) निवासी खारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अजय (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा इतना भयानक था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई और वह खून से लथपथ सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना शुक्रवार 6 मार्च शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।
