मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बरेलीपार के रेलवे प्लेटफॉर्म पर दिव्यांग यात्रियों सहित आम यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा डीआरएम नागपुर को पत्र लिखकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि बरेलीपार रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 200 से 250 यात्री रेल यात्रा करते हैं, लेकिन आज़ादी के 70 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। खासकर दिव्यांग यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
ग्राम पंचायत द्वारा पत्र में निम्नलिखित मांगें की गई हैं:
1. यात्रियों के लिए पेयजल (पानी) की व्यवस्था की जाए।
2. रेलवे प्लेटफॉर्म अभी कच्चा है, इसे पक्का किया जाए, ताकि यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी न हो।
3. यात्रियों के बैठने के लिए शेल्टर (बैठक व्यवस्था) बनाई जाए, जिससे वर्षा और गर्मी में राहत मिल सके।
4. प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) की व्यवस्था की जाए।
5. रेलवे ब्रिज की स्थिति सुधारी जाए।
6. दिव्यांगजन, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाए।
7. स्टेशन पर हाई-लेवल प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाए।
ग्राम पंचायत ने डीआरएम से अनुरोध किया है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरेलीपार रेलवे स्टेशन पर जल्द से जल्द आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं।
हैरानी की बात यह है कि पूर्व में जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इन समस्याओं से रेलवे प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार हर साल रेलवे को करोड़ों रुपये मिलते हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
