संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:
पन्ना जिले के अमानगंज नगर में एक दुखद घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 10 स्थित मरही माता मंदिर के पास रहने वाले 36 वर्षीय युवक कमलेश कोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश कोरी (पिता स्व. बुद्धा कोरी) ने बुधवार को अज्ञात कारणों के चलते यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर अमानगंज पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमानगंज में बुधवार सुबह लगभग 11 बजे कराया गया।
फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
