भोपाल जिला अस्पताल का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

जयप्रकाश जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर भोपाल श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को सुबह ओपीडी में दी जा रही सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बाह्य रोग विभाग, पंजीयन व्यवस्था, एक्स-रे, फिजियोथैरेपी सहित विभिन्न विभागों की सेवाओं का अवलोकन किया।

फिजियोथैरेपी यूनिट में मरीजों की कम संख्या मिलने पर उन्होंने फिजियोथैरेपी सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित करने और आवश्यकता अनुसार यूनिट के उन्नयन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक्स-रे के लिए मरीजों की लंबी कतार देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और टोकन या सीरियल नंबर प्रणाली से एक्स-रे कराने के निर्देश दिए। ओपीडी पंजीयन में अधिक भीड़ को देखते हुए उन्होंने वृद्ध एवं गंभीर रोगियों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने सिविल सर्जन से कहा कि गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को कम से कम समय में इलाज मिल सके।

उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप, डायबिटीज सहित सामान्य और मौसमी बीमारियों के उपचार व फॉलोअप की सुविधा मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में उपलब्ध है। कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में ओपीडी का भार कम करने के लिए सामान्य बीमारियों के उपचार हेतु मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक के प्रति लोगों को स्थानीय स्तर पर प्रेरित किया जाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version