संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

शहर में वाहन नंबर प्लेट के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। बाइक मालिक की शिकायत पर यातायात पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत में बताया गया है कि उसकी मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन चालक द्वारा अपनी एक्टिवा पर लगाकर शहर में चलाया जा रहा है।

शिकायतकर्ता संदीप शुक्ला, निवासी तुलसी विहार कॉलोनी, सेवा नगर ने यातायात थाना झांसी रोड में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी टीवीएस राइडर बाइक (क्रमांक MP07 ZF 1021) का नंबर किसी अन्य दोपहिया वाहन पर लगाया गया है।

इसका खुलासा तब हुआ जब 21 फरवरी 2026 को डीडी नगर क्षेत्र में बिना हेलमेट के चालान का संदेश उनके मोबाइल पर प्राप्त हुआ, जबकि उस समय उनका वाहन उनके पास ही था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस इंचार्ज धनंजय शर्मा ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट के दुरुपयोग को गंभीर अपराध मानते हुए संबंधित वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन मालिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाना दंडनीय अपराध है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और ई-चालान रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
