संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:
सुलतानपुर जिले के यू.पी.एस. कैथाना गोरसरा मोतिगरपुर में कार्यरत सरकारी शिक्षक अरुण कुमार प्रजापति आज शिक्षा जगत में एक मिसाल बन चुके हैं। वे केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यालय के बाद आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निःशुल्क पढ़ाते हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो गरीबी की दीवारों को तोड़ सकती है।
उनकी मेहनत का असर आंकड़ों में साफ दिखाई देता है। एनएमएमएसई (NMMS) परीक्षा में अब तक 150 से अधिक छात्र सफल हो चुके हैं और उन्हें प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिल रही है। यह राशि इन बच्चों को आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहारा देती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती है।
वहीं श्रेष्ठा परीक्षा में लगभग 25 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो अब देश के प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों—जैसे सनबीम स्कूल रोहनिया, लिटिल फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल वाराणसी, ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल बुलंदशहर, दिल्ली पब्लिक स्कूल हरियाणा आदि में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन बच्चों का जीवन स्तर सुधर रहा है और उनके माता-पिता गर्व महसूस कर रहे हैं।
इसके अलावा, उनके मार्गदर्शन से एक छात्र नवोदय विद्यालय में चयनित हुआ है, जबकि दो छात्रों ने राधेश्याम त्रिपाठी छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इस छात्रवृत्ति के तहत उन्हें कक्षा 9 से 12 तक 9,000 से 12,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।
अरुण कुमार प्रजापति की निःस्वार्थ सेवा ने शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे बच्चों के सपनों और परिवारों की खुशियों से जोड़ दिया है। वे साबित करते हैं कि एक सच्चा शिक्षक समाज की दिशा बदल सकता है।
इसी विचार को जमीन पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत अरुण कुमार प्रजापति को गोपाल किरण समाजसेवी संस्था द्वारा पांडिचेरी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ‘ग्लोबल आइकॉन प्रेस्टिज अचीवर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
