अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 21,63,449 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 4 नवम्बर 2025 से 11 दिसम्बर 2025 तक चले गणना चरण में सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर संग्रहण का कार्य पूरा किया गया। पुनरीक्षण शुरू होने से पहले जिले में कुल 22,72,712 मतदाता थे, जिनमें से 21,28,862 मतदाताओं ने प्रपत्र भरकर जमा कराए। इनका नाम 16 दिसम्बर 2025 को जारी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया गया।
प्रारूप प्रकाशन के बाद अनमैप्ड एवं तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं को 4,46,101 नोटिस जारी किए गए। सुनवाई के दौरान 2,727 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए।
16 दिसम्बर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनमें
फॉर्म-6: 47,984 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 41,853 मतदाताओं को जोड़ा गया
फॉर्म-7: 7,675 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7,266 नाम हटाए गए
इसके अतिरिक्त सेवा नियोजित मतदाता सूची का भी अंतिम प्रकाशन किया गया, जिसमें कुल 17,076 सेवा मतदाता शामिल हैं। इनमें 16,503 पुरुष और 573 महिला मतदाता हैं।
अंतिम मतदाता सूची की एक हार्ड कॉपी और एक सॉफ्ट कॉपी (बिना फोटो) मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। आयोग के निर्देशानुसार इस संबंध में बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

